अवैध संबंधों में रोड़ा बना हारुन तो पत्नी ने प्रेमी संग कर दी हत्या
Navodaya TimesCrime Plus
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। मोदीनगर के गांव आबिदपुर मानकी में 27 अक्तूबर को हुई हारुन नामक ड्राइवर की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने हारुन की पत्नी व उसके ममेरे भाई को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आलाकत्ल चाकू और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई.रिक्शा भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हारुन की पत्नी के उसके ममेरे भाई से अवैध संबंध थे। हारुन इन दोनों के बीच में रोड़ा बना हुआ था। उसे रास्ते से हटाने के लिए ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई और 27 अक्तूबर को उसे अंजाम दे डाला।
एसपी ग्रामीण डा. ईरज राजा ने बताया कि पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद हारुन की पत्नी नरगिस और उसके ममेरे भाई आबिदपुर मानकी निवासी आशू उर्फ आस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि घटना की शाम करीब साढ़े 7 बजे आशू ही हारुन को बुलाकर अपने घर ले गया था। जहां पीछे से हारुन की पत्नी नरगिस भी आशू के घर पहुंच गई और दोनों ने मिलकर हारुन की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी हारुन के शव को आशू के ई.रिक्शा में रखकर ले गए और गांव के बाहर एक खेत में ठिकाने लगाकर वापस घर लौट आए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हारुन की हत्या करने की बात कबूली है।
पत्नी बोली-शराब पीकर मारपीट करता था पति हारुन एसपी ग्रामीण ईरज राजा ने बताया कि हारुन मूलरूप से मोदीनगर के गांव सारा का रहने वाला था। लेकिन हारुन की मां सकीला कई साल पहले उसे लेकर अपने मायके आबिदपुर मानकी में आकर रहने लगी थी। हत्यारोपी आशु उर्फ आस मोहम्मद हारुन के मामा का बेटा है। जिसके चलते आशू का उसके घर आना जाना था। पुलिस का कहना है कि हारुन की करीब 10 साल पहले नरगिस से शादी हुई थी। दोनों का एक बेटा और बेटी हैं। पत्नी नरगिस ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि हारुन माल वाहक (छोटा हाथी) पर ड्राइवर था। वह शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। जिसकी वजह से वह पति से परेशान रहने लगी थी।
हत्यारोपी बोले- हम दोनों एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते एसपी ग्रामीण का कहना है कि नरगिस और आशू के बीच पिछले 6-7 महीने से अवैध संबंध स्थापित हो गए थे। नरगिस से बातचीत करने के लिए आशू ने उसे मोबाइल और सिम भी दे रखा था। हारुन के काम पर चले जाने के बाद आशू उसके घर पहुंच जाता था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह दोनों एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते थे, जिसकी वजह से दोनों ने मिलकर हारुन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और फिर घर से बुलाकर हारुन की हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि पति की हत्या के बाद पत्नी नरगिस को कोई पछतावा नहीं है।
खून न बहे इसके लिए मुंह पर लपेट दी थी पन्नी पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बेहद शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले हारुन की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर बहते खून को रोकने के लिए उसके मुंह और गले पर नरगिस ने पन्नी लपेट दी। इसके बाद आशू अपने ई.रिक्शा में शव को डालकर गांव के बाहर ले गया और एक खेत में ठिकाने लगाकर वापस घर लौट आया। इस दौरान नरगिस भी उसके साथ रही। पुलिस की मानें तो घटना के बाद नरगिस और हारुन के मोबाइल नंबर की सीडीआर खंगाली गई। जिसके आधार पर नरगिस और आशू के बीच अवैध संबंधों की जानकारी पुलिस को लगी। दोनों को पूछताछ के लिए लाया गया और सख्ती करने पर उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।from Navodayatimes News
Comments
Post a Comment