स्कूलों की लिस्ट जारी करने के मामले में मैदान छोड़कर भाग रहे पंजाब के शिक्षा मंत्री: सिसोदिया
Navodaya TimesDelhi NCR
-मुख्यमंत्री चन्नी से पंजाब में कायाकल्प किए गए 250 स्कूलों की सूची जारी करने की मांग नई दिल्ली। सरकारी स्कूलों को लेकर दिल्ली और पंजाब सरकार के बीच विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेसवार्ता कर कहा कि दिल्ली के 250 सरकारी स्कूलों की लिस्ट जारी करने के 24 घंटे बाद भी पंजाब के शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने पंजाब के स्कूलों की लिस्ट जारी नहीं की है। सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के शिक्षा मंत्री मैदान छोड़ कर भाग रहे हैं जो ठीक नहीं है। उन्हें जनता के सामने आना चाहिए और बताना चाहिए कि उन्होंने अपने कौन से 250 स्कूलों की दशा सुधारी है।
सिसोदिया ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के सबसे बेहतर 250 सरकारी स्कूलों की लिस्ट जरूर जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को ये जानने का हक है कि कांग्रेस की सरकार ने पिछले पांच सालों में राज्य की शिक्षा के लिए क्या काम किया है। सिसोदिया ने कहा कि दोनों राज्यों के स्कूलों की तुलना से भागना ये साबित कर रहा है कि कांग्रेस सरकार ने पंजाब में शिक्षा पर कोई काम नहीं किया है और पंजाब में कांग्रेस सरकार ने केवल जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने का काम किया है। जबकि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में शिक्षा को लेकर जबर्दस्त काम किया है, जिस कारण दिल्ली के शिक्षा माडल की चर्चा आज पूरे विश्व में हो रही है।
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने रविवार को दिल्ली के 250 सरकारी स्कूलों की लिस्ट जारी कर पंजाब के शिक्षा मंत्री परगट सिंह को दिल्ली आकर यहां के स्कूलों को देखने का निमंत्रण दिया था। इसके साथ ही पंजाब के 250 स्कूलों की लिस्ट भी जारी करने के लिए कहा था, ताकि दोनों राज्यों के स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर,शिक्षक प्रशिक्षण, रिजल्ट में सुधार और ओवरआल लर्निंग आउटकम की तुलना की जा सके। जिससे पंजाब की जनता ये समझ सके कि दिल्ली का शिक्षा माडल शानदार है या पंजाब में कांग्रेस का शिक्षा माडल शानदार है।
Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।from Navodayatimes News
Comments
Post a Comment