किसी भी हालात से निपटने के लिए तैयार रहें दिल्ली के अस्पताल: उपराज्यपाल
Navodaya TimesDelhi NCR
-उच्च जोखिम वाले देशों से आने वाले सभी लोगों की आरटी-पीसीआर जांच होगी -डीडीएमए बैठक नई दिल्ली। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में सोमवार को फैसला किया गया है कि उच्च जोखिम वाले देशों से आने वाले सभी लोगों की आरटी-पीसीआर जांच की जाएगी। संक्रमित मामलों की जीनोम सीक्वेंसिंग की जाएगी और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उन्हें अनिवार्य रूप से क्वारंटीन किया जाएगा। यह बैठक कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के कुछ देशों में पता चलने के बीच हुई है।अधिकारियों ने बताया कि डीडीएमए की बैठक में दिल्ली के मुख्य सचिव को नागरिक उड्डयन मंत्रालय और अन्य संबंधित विभागों और मंत्रालयों के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए कहा गया है।
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन को लेकर गहन चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल,उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत,डॉ. वीके पाल और एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया भी शामिल थे। इस दौरान कोरोना की वर्तमान स्थिति,जांच की गति व कंटेनमेंट जोन बनाने के साथ स्वास्थ्य विभाग की तैयारी व वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया को तेज करने पर चर्चा हुई। कोरोना विशेषज्ञों के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि राजधानी में कोरोना की जांच की गति को तेज किया जाएगा, कोविड संबंधी नियमों का पालन व मास्क लगाने पर जोर दिया जाएगा व वैक्सीनेशन को तेज किया जाएगा। साथ ही, कोविड नियमों का पालन नहीं करने पर दंड का प्रावधान किया जाएगा।
उपराज्यपाल ने कहा कि जिन देशों में नया वेरिएंट पाया गया है, वहां से दिल्ली आने वाले यात्रियों की जांच की जाए। अगर कोई यात्री कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उसका जीनोम सीक्वेंसिंग किया जाए। साथ ही,पॉजिटिव पाए गए मरीजों को तुरंत क्वारंटीन किया जाए। उपराज्यपाल ने इसके लिए भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उपराज्यपाल ने दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिया कि किसी भी स्थिति ने निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी की जाए। अस्पतालों में पर्याप्त बेड होने चाहिए, दवा व ऑक्सीजन का भी पर्याप्त इंतजाम किया जाए। राजधानी में जिन लोगों ने अब तक टीकाकरण नहीं कराया है, उनका जल्द टीकाकरण किया जाए।
वहीं, बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि बैठक में विशेषज्ञों ने नए ओमीक्रोन के स्वरूप पर चर्चा की गई और इस बात पर जोर दिया गया कि कोविड संक्रमण से निपटने की तैयारी और स्थिति की निगरानी में कोई ढील नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड उपयुक्त व्यवहार को सख्ती से लागू करने के साथ-साथ कोरोना जांच,ट्रैकिंग,उपचार और आइसोलेट की रणनीति का सख्ती से पालन करने का निर्णय लिया गया है। साथ में टीकाकरण के विस्तार पर भी जोर देने का फैसला किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार अप्रैल-जून में कोविड की दूसरी लहर के अनुभव को देखते हुए तैयारी कर रही है। हमने अस्पताल के बिस्तरों की उपलब्धता को अलर्ट मोड पर रखा है और जो बिस्तर डेंगू के लिए आरक्षित हैं, उन्हें फिर से कोविड मरीजों के लिए आरक्षित किया जा रहा है। ----- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार को कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन और तीसरी लहर के मद्देनजर दिल्ली की तैयारियों की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।from Navodayatimes News
Comments
Post a Comment