मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया ताज विवांता के बाहर से कार लूटने वाला

मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया ताज विवांता के बाहर से कार लूटने वाला

Navodaya Times

Crime Plus

मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया ताज विवांता के बाहर से कार लूटने वाला - पिस्टल के बल पर चालक से कार लूट कर हो गए थे फरार नई दिल्ली/टीम डिजिटल। द्वारका के ताज विवांता होटल के बाहर एक कार के चालक की कनपट्टी में पिस्टल लगाकर कार लूट ले जाने वाले लुटेरे को पुलिस ने पकड़ लिया है। जिला एएटीएस की टीम ने शनिवार रात एक मुठभेड़ के बाद दो लुट में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। जबकि टीम के एक पुलिसकर्मी को भी बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली लगी। पर गोली पुलिसकर्मी के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में बदमाश के निशानदेही पर हथियार मुहैया करवाने वाले एक बदमाश और लूटी गई कार को खरीदने वाले चार खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने एक पिस्टल, कारतूस, दो मोबाइल फोन, तीन स्कूटी, एक बुलेट और एक कार बरामद की है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान तिलक नगर निवासी आकाश और खेड़ा डाबर निवासी राकेश के रूप में हुई है। राकेश के पैर में गोली लगी है। जबकि बदमाशों को हथियार मुहैया करने वाले रविंद्र को पुलिस ने मंगलापुरी से गिरफ्तार किया। जबकि लूटे गए कार के खरीदार नूंह मेवात निवासी राशिद और उसके तीन साथी आफताब, हसन और युसूफ को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी शंकर चौधरी ने बताया कि 23 अक्तूबर की रात पुलिस को द्वारका सेक्टर 23 इलाके में स्थित ताज विवांता होटल के पास से एक इको स्पोटर्स कार लूट की सूचना मिली। कार चालक मसूदपुर निवासी निजाम खान ने बताया कि वह मालिक को लेकर होटल आया था और वह बाहर अपने मालिक का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी से आए दो युवकों ने पता पूछने का बहाने उससे बातचीत की और अचानक पिस्टल निकालकर उससे 35 सौ रुपये, मोबाइल फोन और कार लूटकर फरार हो गए। इस मामले में आरोपियों की पहचान व तलाश का जिम्मा एएटीएस को सौंपी गई। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में 250 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की। पुलिस ने मौके से बरामद बदमाशों की स्कूटी की जांच की। जिसमें पता चला कि स्कूटी पश्चिम विहार इलाके से चुराई गई है। पुलिस उस जगह की भी सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को बदमाश आकाश और राकेश के बारे में जानकारी मिली। 30 अक्तूबर की रात पुलिस ने बदमाशों को पकडऩे के लिए राधा स्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की। पुलिस स्कूटी से आए बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली सिपाही राजेश के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में राकेश को गोली लगी। उसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि उसने मंगलापुरी के रविंद्र से हथियार लिया है। पुलिस ने रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बदमाशों ने बताया कार को नूंह मेवात के राशिद को बेच दिया है। पुलिस की टीम नूंह जाकर राशिद और उसके तीन सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से कार बरामद कर ली।



from Navodayatimes News

Comments