दिल्ली से वाहन चुराकर यूपी में बेचने वाले गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

दिल्ली से वाहन चुराकर यूपी में बेचने वाले गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

Navodaya Times

Crime Plus

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। दिल्ली.एनसीआर क्षेत्र से वाहन चुराने वाले गैंग का इंदिरापुरम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चुराए गए ऑटो, लग्जरी कारें, बुलेट, बाइक और स्कूटी समेत 12 वाहन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गैंग का सरगना अपने अन्य साथियों के साथ फरार हैं। उन्हें भी पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।

सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर साईं मंदिर तिकोना पार्क के पास से दो चोरों को गिरफ्तार किया। जिनमें बहरामपुर विजयनगर निवासी प्रदीप और रोहित कुमार शामिल हैं। सीओ ने बताया कि प्रदीप मूलरूप से इटावा और रोहित कुमार बदायूं का रहने वाला है। यह लोग विजयनगर क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे और अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली.एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदात करते थे।

पुलिस का कहना है कि चुराए गए वाहनों को आरोपी एक खाली पड़े प्लॉट में खड़ा कर लेते थे और ग्राहक मिलने पर उन्हें सस्ते दामों में बेच दिया करते थे। आरोपियों ने दिल्ली से चुराए गए वाहनों को आगरा, मेरठ और हापुड़ समेत अन्य जिलों में बेचने की बात कबूली है। सीओ इंदिरापुरम का कहना है कि आरोपियों से बरामद वाहनों में कई वाहन कनेक्ट कर लिए गए हैं। जो दिल्ली, नोएडा और इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी के पाए गए हैं। अन्य वाहनों को भी कनेक्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।


from Navodayatimes News

Comments