डेंगू मरीजों के इलाज के लिए कोविड आरक्षित बिस्तरों का इस्तेमाल करें अस्पताल: दिल्ली सरकार

डेंगू मरीजों के इलाज के लिए कोविड आरक्षित बिस्तरों का इस्तेमाल करें अस्पताल: दिल्ली सरकार

Navodaya Times

Delhi NCR

-स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया आदेश नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने अस्पतालों को डेंगू रोगियों के इलाज के लिए कोविड आरक्षित बिस्तरों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि जरूरत पड़ने पर दिल्ली सरकार के अस्पताल कोरोना वायरस मरीजों के लिए आरक्षित एक तिहाई बिस्तरों का इस्तेमाल वेक्टर जनित बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए कर सकते हैं।

दिल्ली में कोरोना के मामलों में कमी के चलते कोविड-19 मरीजों के लिए आरक्षित 9973 बेड में से 9789 बेड खाली हैं। इस समय केवल 184 कोरोना कोरोना मरीज ही अस्पतालों में भर्ती हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आदेश में कहा गया है कि डेंगू,मलेरिया और चिकुनगुनिया के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर इन रोगियों के लिए बिस्तरों की मांग में बढ़ोतरी देखी गई है। इसके अलावा कोविड रोगियों के लिए आरक्षित कई बिस्तर कोविड मामलों की संख्या में गिरावट के कारण खाली पड़े हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली सरकार द्वारा संचालित अस्पतालों के चिकित्सा निदेशकों और चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि अगर आवश्यक हो तो डेंगू, मलेरिया और चिकुनगुनिया से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए कोविड रोगियों के लिए आरक्षित एक तिहाई बिस्तरों का उपयोग करें, जिनमें आईसीयू बिस्तर भी शामिल है।

बता दें कि कोविड संक्रमण कम होने पर सरकार ने पहले ही दिल्ली के अस्पतालों में कोविड के मरीजों के लिए आरक्षित बेडों की संख्या को कम कर दिया था। निजी अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए रिजर्व 30 फीसदी बेडों की संख्या को घटाकर 10 फीसदी कर दिया था।

एलएनजेपी अस्पताल में कोविड बेड की संख्या 700 से 400 कर दी गई थी। आरजीएसएस अस्पताल में 600 से कोविड बेड की संख्या 350 कर दी गई थी। लेकिन अब इन बेडों का इस्तेमाल वेक्टर जनित रोगों के लिए भी किया जा सकता है। दिल्ली में इस साल डेंगू के 1,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, उनमें 280 मामले पिछले सप्ताह सामने आए हैं। इस महीने के शुरुआती 23 दिनों में ही डेंगू के 665 मामले दर्ज किए गए। दिल्ली में 18 अक्तूबर को डेंगू बीमारी से पहली मौत दर्ज की गई थी।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।


from Navodayatimes News

Comments