लालकुआं पर अनोखी लूट : नग्न कर जूते-कपड़े तक उतार ले गए बदमाश
Navodaya TimesCrime Plus
नई दिल्ली/टीम डिजीटल। गाजियाबाद पुलिस की सुस्त और मनमानी कार्यशैली का मामला प्रकाश में आया है। 3 बदमाशों ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर चालक से ई-रिक्शा, मोबाइल व पर्स लूट लिया। जाते-जाते बदमाश पीड़ित के जूते और कपड़े तक उतार कर ले गए। 2 दिन तक पीड़ित रेलवे स्टेशन के पास फुटपाथ पर नग्नावस्था में बेहोश पड़ा रहा। बाद में इस संबंध में शिकायत करने पर कविनगर और थाना सिहानी गेट पुलिस पीड़ित पक्ष को इधर से उधर दौड़ाती रही। 2 माह बाद रिपोर्ट तो दर्ज कर ली गई है, मगर लूट की बजाए चोरी की धाराओं में। पुलिस के इस बर्ताव से चालक को न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है।
ई-रिक्शा, नकदी व मोबाइल लूटा मेरठ रोड के पास नूरनगर सिहानी में मोमीन सपरिवार रहता है। वह पेशे से चालक है। मोमीन ने अपनी एवं परिवार की आजीविका चलाने को विगत 20 अगस्त को किश्तों पर नया ई-रिक्शा खरीदा था। बदले में 50 हजार रुपए डाउन पेमेंट की गई थी। 27 अगस्त को वह लालकुआं पर सवारी का इंतजार कर रहा था। इस बीच 3 युवक वहां आए। युवकों ने साईं मंदिर कविनगर चलने की बात कही। इससे मोमीन ने इंकार कर दिया। बाद में युवकों ने उन्हें कोल्ड ड्रिंक पिला दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के उपरांत वह बेहोश हो गया। मोमीन के बेटे दानिश का कहना है कि पिता के देर शाम तक घर न लौटने पर खोजबीन शुरू की गई।
2 दिन फुटपाथ पर पड़ा रहा पीड़ित 2 दिन बाद मोमीन नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास फुटपाथ पर नग्नावस्था में पड़े मिले। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया। जहां होश आने पर पीड़ित ने आपबीती की जानकारी दी। आरोप है कि बदमाशों ने ई-रिक्शा के अलावा साढ़े 3 हजार रुपए व मोबाइल लूट लिया। यही नहीं जाते-जाते बदमाश पीड़ित के जूते व कपड़े तक उतार कर ले गए। घटना की शिकायत करने पीड़ित पक्ष ने थाना कविनगर का रूख किया। वहां से उन्हें कभी घंटाघर कोतवाली तो कभी थाना सिहानी गेट भेज दिया गया। 2 माह तक चक्कर काटने के बाद अब जाकर कविनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि लूट की बजाए चोरी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उधर, पुलिस अधीक्षक (नगर) निपुण अग्रवाल का कहना है कि इस प्रकरण की जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।from Navodayatimes News
Comments
Post a Comment