सर्दियों में बेघरों को ठंड से बचाने के लिए यूरोपियन स्टाइल पगोडा टेंट लगाएगी सरकार
Navodaya TimesDelhi NCR
-बेघरों के लिए सर्दियों में लगेंगे 220 फायर और वाटर प्रूफ टेंट नई दिल्ली/ताहिर सिद्दीकी। दिल्ली सरकार इस बार बेघरों को सर्दियों से बचाने के लिए खास इंतजाम कर रही है। सरकार सर्दियों में बेघरों के लिए करीब 220 यूरोपियन स्टाइल फायर और वाटर प्रूफ पगोडा टेंट लगाएगी। ये टेंट निगम बोध घाट,सराय काले खां,एम्स व हनुमान मंदिर जैसे प्राइम लोकेशन पर लगाए जाएंगे। करीब 120 लोकेशन पर लगाए जाने वाले ये टेंट बरसात से बचाएंगे और आग लगने का भी खतरा नहीं होगा।
टेंट लगाने के लिए दिल्ली सरकार के दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) ने टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंट 15 नवंबर तक लग जाएंगे और मार्च महीने तक चलेंगे। इन्हें लगाने,इनमें रैन बसेरे बनाने और इन्हें संचालित करने पर करीब 2 करोड़ 14 लाख रूपए की राशि खर्च की जाएगी।
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार नए तरीके के रैन बसेरों में भी बेघरों को रहने के लिए चारपाई,बिस्तर से लेकर भोजन तक उपलब्ध कराएगी। बता दें कि डूसिब बेघरों के लिए रैन बसेरा चलाता है। दिल्ली में 206 रैन बसेरे स्थायी रूप से चल रहे हैं। जिनकी क्षमता 17 हजार से ज्यादा है। लेकिन कोरोना काल में शारीरिक दूरी के नियम के चलते इनमें करीब 7 हजार लोगों की ही व्यवस्था हो पाएगी।
सर्दियों में रात में ठंड बढ़ने के साथ ही बेघरों की रैन बसेरों में पहुंचने की संख्या बढ़ने लगती है। इसे देखते हुए स्थायी 206 रैन बसेरों के अलावा इस बार 220 टेंट लगेंगे।
कोरोना के चलते शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य है और बेघरों को आश्रय भी दिया जाना जरूरी है। टेंट में बनने वाले रैन बसेरों में शारीरिक दूरी के साथ एक टेंट में 10-12 लोगों के रहने की व्यवस्था हो सकेगी। इसके अलावा बड़े टेंट भी लगाए जाएंगे। कुल मिलाकर 10 हजार से ज्यादा बेघरों के रहने की रैन बसेरों में व्यवस्था होगी। --- सभी को मिलेगी चारपाई डूसिब इस प्रयास में है कि इस बार सभी बेघरों को चारपाई उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा कई जगह बेघरों को रात्रि विश्राम के लिए इस बार बंकर बेड उपलब्ध कराए जाएंगे। यह बेड डबल होते हैं। एक बेड के बराबर स्थान में ऊपर नीचे दो लोग सो सकते हैं। अभी तक कुछ रैन बसेरों में जमीन पर लेटने की व्यवस्था थी। जिसे बिल्कुल समाप्त किया जा रहा है। सभी बेघरों को गद्दे,चादर, तकिया व ओढ़ने के लिए पर्याप्त कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे। ---- सुबह का नाश्ता भी रैन बसेरों में मिलेगा रैन बसेरों में रह रहे लोगों को सर्दियों के बढ़ने के साथ ही सुबह का नाश्ता भी मिलेगा। अभी दोपहर और शाम का भोजन दिए जाने की व्यवस्था है। अब नाश्ते में चाय व ब्रेड पकोड़ा या दलिया आदि की व्यवस्था रहेगी। बेघरों की मदद और सूचना देने के लिए डूसिब का कंट्रोल रूम पहले से ही चल रहा है। इसके अलावा रैन बसेरा एप भी संचालित है।
Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।from Navodayatimes News
Comments
Post a Comment