इनामिया, गैंगस्टर, कॉन्ट्रेक्ट किलर व टॉप10 बदमाश अनिल पैंदा गिरफ्तार

इनामिया, गैंगस्टर, कॉन्ट्रेक्ट किलर व टॉप10 बदमाश अनिल पैंदा गिरफ्तार

Navodaya Times

Crime Plus

नई दिल्ली/संजीव शर्मा। 25 हजार रुपए के इनामिया, गैंगस्टर एक्ट के वांछित, कॉन्ट्रेक्ट किलर, जिले के टॉप.10 बदमाशों में शामिल पेशेवर बदमाश अनिल पैंदा को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। एसपी ग्रामीण की एसओजी टीम ने लोनी पुलिस के साथ मिलकर कुख्यात बदमाश अनिल पैंदा को उसके घर से ही गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी अनिल पैंदा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात बदमाश रहे जग्गू पहलवान का शिष्य है और इसका भाई सुरेन्द्र उर्फ चिडिय़ा और दीपक अगरौला भी कुख्यात बदमाशों की फेहरिस्त में शामिल हंै।

एसपी ग्रामीण डा. ईरज राजा ने बताया हमारी एसओजी टीम और लोनी पुलिस ने मिलकर निठौरा लोनी निवासी अनिल पैंदा उर्फ यतेन्द्र उर्फ मतेन्द्र को गिरफ्तार किया है। अनिल पैंदा कुख्यात किस्म का पेशेवर अपराधी और जिले का टॉप.10 बदमाश है। लोनी पुलिस को गैंगस्टर के मामले में उसकी तलाश थी। फरारी के चलते एसएसपी द्वारा अनिल पैंदा पर 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था। एसपी ग्रामीण ने बताया कि अनिल पैंदा पर हत्या, लूट, गैंगस्टर, बलवा और रंगदारी मांगने के करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।

भाई चिडिय़ा के जेल भेजने के बाद पुलिस की रडार पर था पैंदा एसपी ईरज राजा ने बताया कि अनिल पैंदा का भाई सुरेन्द्र उर्फ चिडिय़ा भी शातिर अपराधी है। दोनों भाई मिलकर कॉन्ट्रेक्ट किलिंग और रंगदारी वसूलने का धंधा करते हैं। हत्या के एक मामले में चिडिय़ा के जेल चले जाने के बाद से अनिल पैंदा पुलिस की रडार पर था। एसपी ग्रामीण ने बताया कि अनिल पैंदा का साथी दीपक अगरौला भी शातिर बदमाश है। अगरौला गांव में हुई हत्या के एक मामले में दीपक दिल्ली में सरेंडर कर जेल जा चुका है।

दहशत इतनी कि केस दर्ज कराने से खौफ खाते हैं व्यापारी एसपी ग्रामीण ने बताया कि हत्या की कई घटनाओं में अनिल पैंदा का नाम सामने आ चुका है। इसके अलावा खनन माफियाओं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यापारियों से रंगदारी वसूलने के मामलों में भी अनिल का नाम प्रकाश में आ चुका है। पुलिस का कहना है कि रंगदारी न देने वाले व्यपारियों को आरोपी हत्या करने की धमकी देते हैं। वह कई हत्याओं को अंजाम भी दे चुके हैं। जिसके चलते आरोपियों की क्षेत्र में इतनी दहशत है कि कोई भी व्यापारी अनिल पैंदा और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराने से खौफ खाते हैं।

घर में लगा रखे हैं पैंदा ने सीसीटीवी कैमरे, पुलिस ने झेला विरोध पुलिस की मानें तो आरोपी अनिल पैंदा ने पुलिस पर नजर रखने के लिए अपने घर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं। घर में मौजूदगी के दौरान वह हथियार लेकर पुलिस पर नजर रखता था। पुलिस को आता देख वह घर के पिछले रास्ते से फरार हो जाता था। पुलिस का कहना है कि अनिल पैंदा के अन्य परिजनों के घर भी उसके घर से सटे हुए हैं। एक दूसरे घर में आने जाने का रास्ता है। अगर पुलिस अनिल पैंदा के घर पहुंचती थी तो वह परिवार के दूसरे घरों में जाकर छिप जाता था। एसपी ग्रामीण ने बताया कि अनिल पैंदा की गिरफ्तारी का उसके परिवार की महिलाओं ने विरोध किया। महिलाओं ने पुलिस का रास्ता रोककर पैंदा को बचाने की कोशिश की। जिसके चलते सभी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।


from Navodayatimes News

Comments