शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 150 अंक से ज्यादा गिरा, निफ्टी 17,700 के नीचे पहुंचा
Navodaya TimesKhabre
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल।विदेशी कोषों के निरंतर बहिर्वाह के बीच और रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक एवं आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों के फिसलने के साथ सेंसेक्स बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 150 अंक से अधिक गिर गया।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स 178.60 अंक या 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,234.67 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह निफ्टी 49.15 अंक या 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,662.15 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज को करीब एक प्रतिशत की गिरावट के साथ सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। इसके बाद पावरग्रिड, कोटक बैंक, मारुति, बजाज ऑटो और एक्सिस बैंक का स्थान रहा।
दूसरी ओर, डॉ रेड्डीज, टाटा स्टील, एलएंडटी, एनटीपीसी, भारती एयरटेल और एचयूएल के शेयर लाभ पाने वाले शेयरों में शामिल थे। पिछले सत्र में 30 शेयरों वाला सूचकांक 254.33 अंक या 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,413.27 पर और निफ्टी 37.30 अंक या 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,711.30 पर बंद हुआ था।
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध विक्रेता थे और शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार उन्होंने बुधवार को 1,896.02 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की। एशिया के दूसरे प्रमुख शेयर बाजारों में शंघाई और सियोल लाभ के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि हांगकांग और टोक्यो मध्य सत्र के सौदों में नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.27 प्रतिशत गिरकर 77.88 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
रुपया डॉलर के मुकाबले 22 पैसे गिरकर 74.36 पर पहुंचा
घरेलू शेयर बाजारों में नरमी के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार के दौरान भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 22 पैसे गिरकर 74.36 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर रुख के साथ 74.28 पर खुला, तथा शुरुआती कारोबार में और गिरकर 74.36 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 22 पैसे की गिरावट को दर्शाता है।
रुपया पिछले सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 74.14 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत गिरकर 94.29 पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशक बुधवार को पूंजी बाजार में शुद्ध विक्रेता थे और शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार उन्होंने 1,896.02 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर, 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 49.18 अंक या 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,364.09 पर कारोबार कर रहा था। व्यापक एनएसई निफ्टी 20.85 अंक या 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,690.45 पर कारोबार कर रहा था। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.34 प्रतिशत गिरकर 78.37 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
from Navodayatimes News
Comments
Post a Comment