पंजाब कांग्रेस संकटः राहुल के इनकार के बाद प्रियंका गांधी से मिले सिद्धू

पंजाब कांग्रेस संकटः राहुल के इनकार के बाद प्रियंका गांधी से मिले सिद्धू

Navodaya Times

Khabre

नईदिल्ली/ टीम डिजिटल।कांग्रेस की पंजाब इकाई में व्याप्त कलह को दूर करने के प्रयासों के बीच पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को पार्टी महासचिव महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ लंबी बैठक की। प्रियंका के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए सिद्धू ने ट्वीट किया, ‘प्रियंका गांधी जी के साथ लंबी मुलाकात हुई।’

इससे पहले खबरें आई थीं कि सिद्धू कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि सिद्धू के साथ उनकी कोई मुलाकात तय नहीं है। गौरतलब है कि पंजाब में कांग्रेस की कलह दूर करने के प्रयास के तहत राहुल गांधी ने हाल के दिनों में पार्टी के कई नेताओं के साथ मंथन किया था। पार्टी की तीन सदस्यीय समिति ने भी 100 से अधिक नेताओं और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के साथ मंत्रणा की थी।

मंगलवार को नवजोत सिंह सिद्धू पटियाला से चल कर राहुल गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे लेकिन राहुल नहीं मिले। राहुल ने कहा कि सिद्धू से उनकी कोई मुलाकात तय नहीं है। राहुल के इस रुख को सिद्धू से उनकी नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है।

सिद्धू के मंगलवार को दिल्ली आने और राहुल- प्रियंका से मिलने की बात उनकी टीम के सदस्यों के जरिए सामने आई थी। अब बताया जा रहा है कि राहुल- प्रियंका ने सिद्धू को न बुलाया था और न ही मिलने का वक्त दिया है। सूत्रों की मानें तो सिद्धू खुद दोनों से मिलने का समय मांग रहे हैं। मंगलवार शाम अपनी मां सोनिया गांधी से मिलने 10 जनपथ जाते वक्त राहुल से जब मीडिया ने सिद्धू से मुलाकात के बारे में पूछा तो उन्होंने दो टूक कह दिया कि उनकी कोई मुलाकात तय नहीं है।

राहुल के इस बयान के बाद कयासों का बाजार गर्म है। सूत्र बता रहे हैं कि पार्टी के उच्च पदाधिकारियों ने सिद्धू को मल्लिकार्जुन खड़गे, हरीश रावत और जे.पी. अग्रवाल वाली तीन सदस्यीय सुलह समिति से मिल कर अपनी बात कहने का सुझाव दिया है। जैसा कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।


from Navodayatimes News

Comments