कोरोना संकट मेें आगे आया RSS, 12 कार्यक्रमों के जरिए कर रहा देश की सेवा

कोरोना संकट मेें आगे आया RSS, 12 कार्यक्रमों के जरिए कर रहा देश की सेवा

Navodaya Times

Khabre

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। कोरोना महामारी में पिछली बार की तरह इस बार भी अब आरएसएस और उसके स्वयंसेवक लोगों की सेवा में जुटने लगे हैं। इसी कड़ी में स्वयंसेवकों ने 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र, 2442 टीकाकरण केंद्र, 10000 टीकाकरण जागरूकता अभियान शुरू किये हैं।

ये जानकारी प्रेस वार्ता में आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने दी। उन्होंने कहा कि प्लाज्मा व रक्तदान में सहयोग के लिए कुछ स्थानों पर संभावितों की सूची भी बनाई है। दिल्ली में रक्तदाताओं की सूची उपलब्ध है। पूणे में जनजागरण अभियान के माध्यम से 600 लोगों ने प्लाज्मा डोनेट किया, जिससे 1500 लोगों का जीवन बचाने में सहायता मिली।

इसके साथ ही शहरों में बुजुर्गों व अकेले रहने वालों को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से जरूरतमंदों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना प्रकोप पर शासन-प्रशासन व समाज के समन्वित प्रयास से ही भारत विजय प्राप्त करेगा। उन्होंने दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए बताया कि 219 स्थानों पर स्वयंसेवकों द्वारा कोविड अस्पतालों में प्रशासन का सहयोग किया जा रहा है और स्वयंसेवकों ने 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र भी बनाए हैं।

आरएसएस पदाधिकारी ने कहा कि हमारे समाज की संवेदना व सक्रियता अद्भुत है। जान जोखिम में डालकर संकट की स्थिति में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थिति भले ही विकट हो, भारत में समाज की शक्ति भी विशाल है।

12 कार्यक्रम के जरिए कर रहे सेवा

सुनील आंबेकर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा सेवा भारती द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्यों के बारे में कहा कि संघ की पहल पर आवश्यकता के अनुसार अभी बारह प्रकार के कार्य प्रारंभ किए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड के संभावित लोगों हेतु आइसोलेशन केंद्र व पॉजिटिव रोगियों हेतु कोविड केअर (सेवा) केंद्र, सरकारी कोविड केंद्र व अस्पतालों में सहायता, सहायता हेतु दूरभाष (हेल्पलाइन नंबर), रक्तदान, प्लाज्मा दान, अंतिम संस्कार के कार्य, आयुर्वेदिक काढ़ा वितरण, समुपदेशन (काउंसलिंग), ऑक्सीजन आपूर्ति व एम्बुलेंस सेवा, भोजन, राशन व मास्क तथा टीकाकरण अभियान व जागरूकता जैसे कार्यों को कई प्रांतों में स्वयंसेवकों द्वारा प्रारंभ किया गया है।

आंबेकर ने बताया कि इंदौर में संघ की पहल पर शासन, निजी अस्पताल, राधा स्वामी संत्संग आदि के सहयोग से दो हजार बिस्तर का कोविड केंद्र बनाया है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों द्वारा अभी 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र चलाए जा रहे हैं तथा अन्य 219 स्थानों पर कोविड अस्पतालों में प्रशासन का सहयोग किया जा रहा है। टीकाकरण हेतु दस हजार से अधिक स्थानों पर जागरूकता अभियान के साथ 2442 टीकाकरण केंद्र अभी तक प्रारंभ किए गए हैं।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।



from Navodayatimes News

Comments